रिपोर्ट :- संतोष चौहान
आरोपी गिरफ्तार, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य; गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
सुपौल :- सदर थाना क्षेत्र के परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या-8 में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के ही एक युवक ने कथित रूप से सात वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, परसरमा वार्ड-8 निवासी शंभू शाह गुरुवार देर रात अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के साथ गांव से दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि उनकी बेटी प्रीति हाथ में दूध की बोतल लेकर कुछ दूरी पर पीछे चल रही थी। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले राजू साह ने अचानक बच्ची पर कुदाल से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने मासूम पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि जिसने भी घटनास्थल का दृश्य देखा, उसकी रूह कांप उठी। बच्ची की मौत की खबर कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्या करने वाला युवक राजू शाह घटनास्थल से भागकर अपने घर में छिप गया। इससे नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण आरोपी का पीछा करते हुए उसके घर पहुंच गए और उसके घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव रंजन के नेतृत्व में सदर थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी। बाद में फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों सहित परिजनों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गम का माहौल है। ग्रामीण इस जघन्य घटना से स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मृतका के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी किसी से कोई दुश्मनी नहीं रखती थी और इतनी छोटी बच्ची की इस तरह हत्या किए जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा दोषी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम बच्ची की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है।




