:- ब्यूरो रिपोर्ट शंखनाद!
सहरसा जिले के सौरबाजार थाना में पुलिस हिरासत में बंद एक आरोपी की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शौचालय जाने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और हाजत नियमों के पालन में प्रथम दृष्टया चूक सामने आने पर थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 में प्रेम-प्रसंग से जुड़े मामले में गिरफ्तार अभियुक्त अनमोल कुमार की आज सुबह करीब नौ बजे थाना परिसर स्थित वॉशरूम में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, शौचालय जाने के दौरान अभियुक्त ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त स्वयं वॉशरूम में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे तत्काल सदर अस्पताल, सहरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का NHRC की गाइडलाइन के अनुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कराया जा रहा है। वहीं, मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, अनुसंधानकर्ता PSI शिवानी कुमारी, ओडी पदाधिकारी ASI अनंत कुमार सिंह, सिपाही मुन्ना कुमार और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार राजकिशोर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र क्लोज कर दिया है।वहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है।
अब इस पूरे मामले में जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हैं। आखिर पुलिस हिरासत में बंद आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हाजत की निगरानी में कहां चूक हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।



