स्मॉल फाइनेंस बैंक में भीषण लूट !

SHARE:

रिपोर्ट:—निभाष मोदी

पिस्तौल की नोक पर बदमाशों ने साडे चार लाख रुपये लूट की घटना को दिया अंजाम!

भागलपुर। कहलगांव स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक से हथियारबंद अपराधियों ने चार लाख पच्चास हज़ार रूपये की लूट की।
आधा दर्जन अपराधियों ने पिस्तौल की नोंक पर लूटकांड को दिया अंजाम। लूटकांड को अंजाम देने के बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने दो राउंड फायर भी किया। बताते चलें कि सभी अपराधी 20 से 25 साल के युवक थे।
 शहर के अवकाश प्राप्त प्राध्यापक डॉ0 रत्नेश्वर प्रसाद सिंह के घर पिछले 24 जून को हुए भीषण डकैती कांड की गुत्थी पुलिस अबतक सुलझा भी नहीं सकी थी कि 18 दिनों बाद बेलगाम अपराधियों ने शहर के हृदय स्थली में दूसरी वारदात को अंजाम दे डाला। सोमवार देर संध्या करीब सात बजे हाट रोड स्थित पुरानी रजिस्ट्री ऑफिस परिसर में किराये के मकान में संचालित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में भीषण लूटकांड की घटना को अंजाम दिया गया।
करीब आधे दर्जन अपराधियों ने पिस्तौल की नोंक पर करीब चार लाख रूपये की लूट 15 मिनटों के अंदर कर ली। अपराधियों ने बैंक कर्मियों के पांच मोबाइल भी लूट लिया। पिस्तौल की बट से अपराधियों ने तीन कर्मचारियों पर वार किया जिसमें से कैशियर गुलशन कुमार घायल हो गया, जिसे अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया । वहीं क्रेडिट ऑफिसर हिमांशू कुमार और ब्रांच मैनेजर जयप्रकाश दास चोटिल हो गये। जबकि रिजनल हेड कृष्णदेव तिवारी भी चोटिल हुए हैं।अपराधियों ने लूटकांड को अंजाम देने के बाद  जाते समय दो राउंड फायर भी किया।
 घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ रेशू कृष्णा और कहलगांव थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच की। वहीं एसडीपीओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी अपराधी जवान थे तथा सभी के हाथ में पिस्तौल था। उन्होने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। लूटी गई रकम के बारे में जानकारी ली जा रही है। वहीं बैंक के शाखा प्रबंधक जयप्रकाश कुमार दास ने बताया कि करीब 7.05 बजे संध्या पांच छह हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे तथा बैंक का प्रवेश द्वार बंद कर लूटकांड की घटना को अंजाम दिया। करीब चार लाख रूपये की लूट कर अपराधी हवा में दो राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए । बैंक के कलेक्टिंग एजेंट द्वारा राशि संग्रह कर लाया गया था, जिसे कैश काउंटर पर जमा  करने की प्रक्रिया चल रही थी कि इसी क्रम में अपराधी बैंक में घुस गये। सभी अपराधी 20 से 25 साल उम्र के थे। हांलाकि कर्मचारियों ने भाग रहे अपराधियों पर पथराव भी किया जिसमें एक अपराधी के घायल होने का भी अंदेशा है। सभी अपराधी सड़क पर खड़ी चार बाइकों से भाग खड़ा हुआ। एक अपराधी हेलमेट पहने था तो बांकी के चेहरे खुले थे। पुलिस ने जांच के लिये दर्जनभर कर्मचारियों के मोबाइल भी जब्त किये हैं।

Join us on:

Leave a Comment