रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सकरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मस्जिद कट के पास वाहन जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक अंतरराज्यीय तस्कर को 524 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य 10 लाख 48 हजार रुपये बताया जा रहा है। मामले को लेकर पुलिस ने बताया है कि सुबह करीब 03:40 बजे सकरी थाना को गुप्त सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही एक बस में सवार एक व्यक्ति अपने बैग में मादक पदार्थ लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार को अवगत कराया गया और प्राप्त निर्देश पर सकरी थाना पुलिस टीम ने एनएच-27 मस्जिद कट के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सिलीगुड़ी की ओर से आ रही बस को रोका गया। बस में सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर उतरने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत कलिया चौक थाना के सुजापुर कामतपारा के इयर मोहम्मद, पिता शेबू शेख, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से पांच अलग- अलग पैकेटों में रखा कुल 524 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और बैग को विधिवत जप्त कर अंतर राज्ये ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। जिसे सकरी थाना लाया गया। जहां सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है। वहीं, सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया है कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



