रिपोर्ट अनमोल कुमार
आज भी कांप जाते हैं लोग लालू के सीएम रहते जंगलराज की याद कर
नीतीश से कोई शिकायत नहीं थी, तेजस्वी के कारण हुई
पटना : सीएम नीतीश कुमार से बागी तेवर अपनाए जदयू के उपेंद्र कुशवाहा ने राजद औऱ उसके नेता तेजस्वी यादव पर काफी तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मेरी नीतीश कुमार से व्यक्तिगत कोई शिकायत नहीं, लेकिन परेशानी इस बात पर है कि नीतीश ने तेजस्वी यादव को बिहार का भावी मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। तेजस्वी अगर मुख्यमंत्री बन गये तो बिहार बर्बाद हो जाएगा। पूरी तरह से डूब जाएगा। वे अपने पिता लालू यादव की तरह बिहार को बर्बादी के रास्ते पर ढकेल देंगे। तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने की बात से ही लालू राज की याद आती है। जिसे याद कर अति पिछडे औऱ लव कुश समाज के लोग कांप जाते हैं। एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने ये बातें कहीं हैं। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा की मेरी नीतीश जी से कोई शिकायत नहीं थी। महागठबंधन में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की बात चलने लगी। राजद के नेताओं ने दावा करना शुरू कर दिया कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के बीच डील हुई है। इसके तहत नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी छोड़ कर तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना है। मुझे ऐसी चर्चा से घोर आपत्ति हुई। ऐसी चर्चा के कारण जदयू कमजोर हुआ है। राज्य में तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ये साबित हुआ कि जदयू का कोर वोटर हमसे दूर जा रहा है। मैंने जब पार्टी को कमजोर होते देखा तभी आवाज उठाई।
जदयू कार्यकर्ताओ को तेजस्वी का नेतृत्व मंजूर नहीं
उन्होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में काम ही नहीं कर सकते। समता पार्टी का जन्म ही जंगलराज के विरोध में हुआ था। बाद में जदयू बना और उसका भी लक्ष्य बिहार से जंगलराज खत्म करना रहा। जब समता पार्टी बनी थी तो हमें लव-कुश समीकरण के वोटरों का साथ मिला। उसके बाद जंगलराज से त्रस्त अति पिछड़े समाज के लोगों और दूसरे वोटरों ने हमारा साथ दिया। उन्हीं लोगों ने राजद के आतंक औऱ कुशासन के खिलाफ संघर्ष किया और लंबे संघर्ष के बाद बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बनी। आज भी मेरी अपनी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है, लेकिन मैं बिहार के गरीबों- पिछड़ों के भविष्य को बर्बाद होते देख चुप नहीं बैठ सकता।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार को उसी तरह बर्बाद कर देंगे जैसे उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने किया था। बिहार में एक बार फिर जंगलराज की वापसी हो जाएगी। लोग आज भी उस दौर को याद करके कांप जाते हैं। मैं बिहार के लोगों और जदयू के उन लाखों कार्यकर्ताओं की आवाज उठा रहा हूं, जिन्होंने जंगलराज और कुशासन के खात्मे के लिए एक दशक से ज्यादा समय तक कुर्बानी दी।
पार्टी के लिए लड़ रहा हूं
एक सवाल के जवाब में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैंने सुना है कि कुछ लोग मुझे महत्वाकांक्षी बता रहे है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। राजनीति में लोग संघर्ष के साथ साथ सत्ता भी चाहते हैं। लेकिन मैंने सत्ता के बजाय सडक पर रहना मंजूर किया है। मेरी अपनी कोई लड़ाई नहीं है, मैं पार्टी के लिए लड़ रहा हूं।
तो मैं सीएम बनने की चाह क्यों नहीं रख सकता
इस सवाल पर कि क्या वे बिहार के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, उपेंद्र ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकता है तो मैं मुख्यमंत्री बनने की चाह क्यों नहीं रख सकता। मैं नहीं समझता कि किसी को इसमें कोई दिक्कत होनी चाहिये।
भाजपा में जाने से बेहतर है मर जाना
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने की बात पूरी तरह से गलत है। मुझे भाजपा में शामिल होने से बेहतर मरना मंजूर है। जहां तक भाजपा के साथ गठबंधन करने की बात रही, मैं फिलहाल जदयू का सदस्य हूं। अगर भविष्य में जदयू भाजपा के साथ जाने का फैसला लेती है तो, मैं उस पर विचार करूंगा।
नीतीश की तारीफ
इसके अलावा नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में कई काम हुए हैं। लेकिन अभी भी शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को उपेक्षित रखा गया है।





2 thoughts on “तेजस्वी सीएम बने तो बर्बाद हो जाएगा बिहार: उपेंद्र कुशवाहा”
Thanks for sharing. I read many of your blog posts, cool, your blog is very good.
Your point of view caught my eye and was very interesting. Thanks. I have a question for you.