दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा। जिले के दर्जनों संस्कृत शिक्षकों ने शुक्रवार को लहेरियासराय स्थित मिथिला संस्कृति उच्च विद्यालय परिसर में बैठक कर पिछले कई महीनों से लंबित वेतन भुगतान को लेकर विचार-विमर्श किया। शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें पिछले 5 से 6 माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में शिक्षक डॉ. कमला कानंद झा, चंचल कुमारी, अमित कुमार दुबे, चंद्र भूषण मनी, सुमन कुमार झा, नीता कुमारी, अजित कुमार झा, गोपाल झा और विनोदानंद झा समेत कई शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने कहा कि वेतन भुगतान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
शिक्षकों का कहना है कि लगातार वेतन नहीं मिलने के कारण घर-परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। त्योहारों के समय भी आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान करने की मांग की है।
शिक्षकों ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 5 अगस्त को जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में यह भी कहा गया कि शिक्षक नेता एवं जिला सचिव समीर कुमार झा किसी कारणवश शुक्रवार की बैठक में शामिल नहीं हो सके। उनके साथ विमर्श के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो दरभंगा से पटना तक बिहार के संस्कृत शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन को और तेज करेंगे।




