अश्वनी श्रीवास्तव :

गोलीबारी की घटना में रजौन थाना क्षेत्र के कठरंग गांव के दो युवक जख्मी।
घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी युवक को किया गिरफ्तार, अन्य फरार।
गोलीबारी की घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव का माहौल कायम।
रजौन(बांका) : रजौन थाना क्षेत्र के मुरादपुर-हरना नहर पर स्वास्थ्य लाभ हेतु दौड़ लगा रहे दो युवकों पर सिंगारपुर गांव के कुछ दबंगों ने गोली चला दी। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना मंगलवार की शाम की है। इस घटना में कठरंग गांव के शंभू रजक के पुत्र कुंदन रजक एवं विनोद तांती के पुत्र गोविंद तांती गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों का इलाज रजौन अस्पताल में कराए जाने के बाद अत्यंत गंभीर स्थिति में दोनों को भागलपुर रेफर किया गया है। इधर इस घटना के बाद दोनों गांवों के बीच तनाव की स्थिति कायम हो गई है। इस बीच घटना की खबर मिलते ही रजौन पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की है। रजौन पुलिस ने सिंगारपुर गांव के अमित सिंह नामक एक आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। इधर पुलिस को देखकर अन्य आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पुलिस में बहाली को लेकर कठरंग गांव के कुछ युवकों का दल नहर के समीप रोज शाम को दौड़ लगाने का काम करते थे। कम कपड़ा पहन कर युवकों द्वारा दौड़ लगाना सिंगरपुर गांव के कुछ लोगों को नागवार गुजरता था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर ही दबंगों ने गोली चलाई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इधर घटना के बाद दोनों गांव में तनाव की स्थिति कायम हो गई है। पुलिस हालात पर नजर बनाई हुई है। घायलों का इलाज भागलपुर में चल रहा है।