अश्विनी श्रीवास्तव :

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जम्मू कश्मीर के भूतपूर्व राज्यपाल पदम विभूषण जगमोहन मल्होत्रा के निधन पर शोक और गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि जगमोहन मल्होत्रा एक कुशल प्रशासक एवं विद्वान व्यक्ति थे। उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए हमेशा देश की प्रगति के लिए कार्य किया। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में हुए केंद्रीय मंत्री थे ,और उनके साथ मुझे भी काम करने का मौका मिला था। बिहार के पर्यटन के विकास में उनका विशेष योगदान था। उनकी बेहतर उपलब्धियों के लिए वर्ष 1971 में पदम श्री, 1977 में पदम भूषण और 2016 में पदम विभूषण से उन्हें सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा है कि उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।