पंकज ठाकुर की रिपोर्ट!

बांका। जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहार-झारखंड सीमा पर अवस्थित गोलहट्टी गांव में एक आवारा कुत्ता अचानक पागल हो गया। पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। सभी को इलाज के लिए बौंसी अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टर के द्वारा एन्टी रैबीज का इन्जेक्शन लगाया गया।
पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काटकर किया जख्मी
जानकारी के अनुसार पागल कुत्ते ने मंगलवार को ही गोलहट्टी के ग्रामीण सहित आस-पास स्थित गांव के 13 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। घायलों में गोलहट्टी, सिकंदरपुर डांडे, मिर्जापुर आदि गांव के रहने वाले हैं। पागल कुत्ते ने सबसे पहले गोलहट्टी गांव के 62 वर्षीय ज्ञानचंद्र झा के हाथ की उंगली एवं जांघ में काट लिया। उनका इलाज अस्पताल में कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार जो भी सड़क पर दिखाई दिया कुत्ता उसी को दौड़ कर काट लेता था।। इसी क्रम में पागल कुत्ते ने सिंघेश्वर धाम के पांडा सिकंदरपुर निवासी नयन सिंह को भी दौड़ाकर काटा। इसके अलावा नसीम अंसारी, गणेश ठाकुर, अपील यादव, लालू चौधरी, गणेश चौधरी, सुनीता देवी, शंभू कापड़ी सहित अन्य लोग शामिल हैं।
यवकों ने पागल कुत्ते को घेर कर मारा
कुत्ते ने पूरे गांव में लोगों काे दौडा-दौड़ा कर काटना शुरू कर डियस। गांव के मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोगों पर भी कुत्ते ने हमला कर काटना शुरु कर दिया। इससे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। गांव में शोर होने के बाद दर्जनों युवक लाठी-डंडे लेकर सड़क पर निकले। युवकों ने कुत्ते को घेरकर मार डाला। इसके बाद गंभीर रूप से घायल 13 लोगों ने रेफरल अस्पताल बौंसी पहुंचकर एन्टी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया। डॉ. संजय सुमन ने बताया कि गोलहट्टी के 13 ग्रामीणों ने एन्टी रैबीज के इंजेक्शन लगवाया है। सभी खतरे से बाहर हैं।