शंखनाद संवाददाता
न्यायालय पहुंची एक गरीब बेसहारा व जरूरतमंद महिला को कम्बल सहित कई अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की अनुशंसा करते हुए
कोडरमा। कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विरेन्द्र कुमार तिवारी ने इस कडाके की ठंड से ठिठुरते हुए न्यायालय पहुंची एक गरीब बेसहारा व जरूरतमंद महिला को कम्बल सहित कई अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की अनुशंसा करते हुए अपनी संवेदनशीलता को प्रकट किया है। इससे जहां ठंढ से ठिठुरते महिला के चेहरे पर खुशी एंव आशा की एक किरण झलकने लगी वही प्रधान जिला जज की इस संवेदनशीलता की काफी सराहना की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रधान जिला जज के न्यायालय मे लंबित वाद प्रोबेट केस न0 – 01/2015 की आवेदिका कोडरमा जिले के बसधरवा निवासी अनीता देवी अपने वाद के बारे मे जानकारी प्राप्त करने के लिए व्यवहार न्यायालय कोडरमा पहुंची हुई थी। इसी क्रम मे कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विरेन्द्र कुमार तिवारी की नजर बेहद ठंड की वजह से ठिठुरती उक्त महिला पर पडी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधान जिला जज ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अभिषेक प्रसाद को उक्त महिला के लिए तत्काल कंम्बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्राधिकार के सचिव अभिषेक प्रसाद ने कंम्बल उपलब्ध कराया। प्रधान जिला जज ने उक्त महिला को कंम्बल प्रदान करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार को उक्त महिला का विधवा पेंशन एंव उसके परिवार के सभी सदस्यो का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया। प्रधान जिला जज की इस संवेदनशीलता की सर्व़त्र सराहना की जा रही है।




