आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर के चर्चित पूर्व कस्टम अधिकारी और राजपूत नेता रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर बताए जा रहे पवन यादव और पुलिस के बीच मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धोबहा के पास मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में पवन यादव घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पवन यादव को घेर लिया था। इसी दौरान पुलिस से बचकर भागने के लिए उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें पवन यादव घायल हो गया।
घायल पवन यादव को पुलिस ने इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। वह नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि 15 अक्टूबर को पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में बाइक सवार तीन शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, पवन यादव इस हत्याकांड का मुख्य शूटर था और उसने ही रामकुमार सिंह पर पहली गोली चलाई थी।
इस मुठभेड़ के साथ ही रामकुमार सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। अब पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और साजिश के संबंध में जानकारी जुटाएगी।
फिलहाल सबकी नजर पुलिस की आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग पर टिकी है, जिसमें मुठभेड़ और हत्याकांड से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।



