रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
विवाह पंचमी महोत्सव में शामिल होने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया आमंत्रण
मधुबनी, भारत के अयोध्या कैंट से जयनगर के रास्ते जनकपुर धाम पहुंची सरयू कमला एक्सप्रेस के यात्रियों का नेपाल के जनकपुर धाम में भव्य स्वागत किया गया। जनकपुर धाम पहुंचने पर वहां के मुख्यमंत्री सरोज यादव सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भारत से आए सभी यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस ऐतिहासिक रेल यात्रा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। भारत से पहुंचे यात्री राजेश सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से बेटी-रोटी का संबंध रहा है और यह रिश्ता आगे भी इसी तरह मजबूत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या से जनकपुर धाम तक रेल सेवा शुरू होना दोनों देशों के सांस्कृतिक, धार्मिक और आपसी संबंधों को नई मजबूती देने वाला कदम है। इसके लिए उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन साह के प्रति तहेदिल से आभार व्यक्त किया तथा दोनों सरकारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
वहीं, जनकपुर धाम में जगह-जगह भारत से पहुंचे यात्रियों का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली।
यात्रियों ने कहा कि जनकपुर धाम में विवाह पंचमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस पावन उत्सव में शामिल होने के लिए टीएनपी न्यूज चैनल के माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनकपुर धाम आने का निमंत्रण दिया गया।
इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और भारत-नेपाल की सदियों पुरानी मित्रता को और प्रगाढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।




