रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
कटिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तियारपाड़ा ओवरसीज बैंक के समीप उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब अनियंत्रित होकर अग्निशमन विभाग की एक तेज़ रफ़्तार गाड़ी ने छठ घाट से लौट रहे तीन नौनिहालों को अपनी चपेट में ले लिया। बेकाबू दमकल वाहन बच्चों को रौंदते हुए सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया।
हादसे में तीनों मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में कटिहार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में सभी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया है और प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है।




