रिपोर्ट- मनोज कुमार!
बेतिया -छठ की खुशियों के बीच मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, भीषण सड़क हादसे में सात घायल, इलाज के दौरान दो युवकों की मौत
बेतिया। लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मझौलिया थाना क्षेत्र के लालसरैया चौक पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में सात लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा बेतिया-मोतिहारी मुख्य मार्ग स्थित एनएच-727 के लालसरैया चौक पर देर शाम हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सात लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की।
घायलों की पहचान लालसरैया पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी अशोक चौधरी, ललिता चौधरी, आराध्या चौधरी, अनन्या चौधरी, विनोद चंद्रशील, मोहम्मद ओसामा और सोनू आलम के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा। हालांकि, इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। दोनों मृतक बेतिया के दुआर देवी चौक के निवासी बताए गए हैं।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
छठ के पावन अवसर पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।



