रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगनेवाली इंडो नेपाल सिमा पर तैनात 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के अंतर्गत डी समवाय गंगौर की बाह्य सीमा चौकी अखराघाट द्वारा सहारघाट में नागरिक चिकित्सा कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय एवं जनसंपर्क स्थापित करना था। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 83 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 06 बच्चे, 31 महिलाएं एवं 46 पुरुष शामिल थे। सभी लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा उपस्थित चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सकों द्वारा लोगों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन, समन्वय एवं व्यवस्थापन हेतु एसएसबी के कार्मिक सक्रिय रूप से तैनात रहे, जिन्होंने चिकित्सा दल के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कमांडेंट 48 वीं वाहिनी गोविन्द सिंह भण्डारी ने इस अवसर पर कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति सशस्त्र सीमा बल सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ऐसे नागरिक चिकित्सा कार्यक्रम न केवल ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि सुरक्षा बल एवं स्थानीय जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सकारात्मक संबंधों को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का आश्वासन दिया।




