रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने वाली भारत- नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकने को लेकर तैनात 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर को बड़ी सफलता मिली है। जयनगर ‘एफ’ समवाय के अंतर्गत सीमा चौकी बेतौन्हा के जवानों ने बेतौन्हा-मारर चेक पोस्ट पर एक नेपाली नागरिक के ट्रॉली बैग से हीरे जैसे प्रतीत होने वाले 163 छोटे छोटे दाने बरामद किए है।प्राप्त सूचना के अनुसार, नेपाल से भारत आ रहे 31 वर्षीय एक युवक के निजी ट्रॉली बैग को चेक पोस्ट पर लगी बैगेज स्कैनर मशीन से जांचा गया। स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने पर बैग खोलकर तलाशी ली गई, जिसमें एक छोटे प्लास्टिक बॉक्स में रखे प्लास्टिक पाउच से दाने बरामद हुए। बरामद वस्तु का कुल वजन लगभग 02 ग्राम, यानी दावे के अनुसार लगभग 10 कैरेट बताया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये लैब-ग्रोन हीरे हैं, जिन्हें वह निजी आभूषण बनवाने के लिए भारत ले जा रहा था। वह काठमांडू, नेपाल से मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जा रहा था। हालांकि, उसके पास बरामद वस्तु की वैध खरीद रसीद नहीं मिली। उसके पास नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र पाया गया। यह मामला बेतौन्हा- मारर चेक पोस्ट, सीमा स्तंभ संख्या 269/06 से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। एसएसबी के अनुसार, वस्तु की असली प्रकृति और वैधता की पुष्टि संबंधित सक्षम प्राधिकारी से कराई जाएगी। इसके बाद जब्ती सूची और गिरफ्तारी संबंधी दस्तावेज तैयार कर आरोपी तथा बरामद सामग्री को सीमा शुल्क विभाग, जयनगर को सौंपा जा रहा है। तो वहीं, एसएसबी कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा है कि सीमा पर अवैध तस्करी को रोकने के लिए एसएसबी के जवान पूरी तरह से मुस्तैद है और सभी तरह के गतिविधियों पर पैनी नजर रखा जा अवैध रहा है।



