पंकज कुमार जहानाबाद।
भाकपा माले के जिला सचिव कामरेड श्रीनिवास शर्मा ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि जहानाबाद महिला थाना महिलाओं की सुरक्षा और परिवार में हुए विवाद को हल करवाने तथा कानूनी कार्रवाई करने के बजाय महिला उत्पीड़न का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। महिला थाना का संचालन प्रभारी महोदया के बजाय मुंशी भूषण शर्मा की मर्जी से हो रहा है। महिला थाना मुंशी को अगर लिफाफा दिए तब आपको दौड़ना नहीं पड़ेगा, आपके मामले में तुरंत कार्रवाई होगी अन्यथा दौड़ते- दौड़ते चप्पल टूट जाएगा तब भी एक अदद शिकायत दर्ज नहीं होगा। माले नेता ने बताया कि रुही कुमारी, सत्संग नगर जहानाबाद जिसको ससुराल वालों ने देह पर गर्म पानी डालकर जलाने और जान मारने की कोशिश किया है। पीड़ित महिला और उसके परिजनों द्वारा महिला थाना को एक महिना पहले आवेदन दिया गया है। तब से महिला थाना से एसपी कार्यालय और एसपी कार्यालय से महिला थाना के बीच आधा दर्जन बार दौड़ लगा चुके हैं। महिला थाना के मुंशी भूषण शर्मा ने स्पष्ट कहा कि हमारी मर्जी होगी तब मुकदमा दर्ज होगा अन्यथा दर्ज नहीं करेंगें। एसपी के पास जाइए या डीजीपी के पास जाइए कुछ नहीं होगा। हमेशा ही महिला थाना द्वारा दो-तीन दिन का समय दिया जाता है।
महिला थाना में उक्त पीड़िता के मामले को लेकर कुछ महीने पहले उसके पति और परिजनों के बीच बंधपत्र भी तैयार हुआ था लेकिन ससुराल वालों ने उस समझौता का तनिक भी ख्याल नहीं रखा बल्कि महिला थाना से समझौता के बाद उत्पीड़न और भी बढ़ गया और महिला थाना से समझ लेंगे कि धमकी पति,सास और परिजन भी खुलेआम देते हैं। उत्पीड़न करने वालों के साथ महिला थाना के पदाधिकारियों के मधुर और नरम रिश्ते के कारण पीड़ित महिलाएं और भी परेशान होती हैं ।
माले नेता ने पीड़िता और उसके परिजनों से इस तरह के बदतमीजी पूर्वक व्यवहार करने वाले तथा कानून की धज्जियां उड़ाने का ऐलान करने वाला मुंशी पर अविलंब कार्रवाई की मांग किया है। अगर महिला थाना का रवैया नहीं बदला तो भाकपा माले और अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) द्वारा जहानाबाद महिला थाना में व्याप्त भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ पर्चा निकालकर भंडाफोड़ करते हुए महिला थाना के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।




