पान-गुटखा की पीक और गंदगी पर लगेगी लगाम, दानापुर मंडल में शुरू हुआ ‘नो रेड एंड येलो स्पॉट’ अभियान!

SHARE:

रिपोर्ट- आशुतोष पांडेय

रेलवे की दीवारों, सीढ़ियों और प्लेटफॉर्म को स्वच्छ बनाने पर जोर, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की तैयारी

आरा। रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और यात्रियों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में ‘नो रेड एंड येलो स्पॉट’ अभियान चलाया जा रहा है। एक से 15 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े और दो से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान 6.0 के तहत 10 अक्टूबर को भी रेलवे परिसरों की साफ-सफाई और यात्रियों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

इस अभियान के तहत आरा जंक्शन पर भी रेलवे परिसर की स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्टेशन की दीवारों, खंभों, सीढ़ियों, फुट ओवरब्रिज, भूमिगत रास्तों और प्लेटफॉर्म के कोनों में पान-गुटखा की पीक से पड़ने वाले लाल दाग तथा मूत्र त्याग से बनने वाले पीले दाग रेलवे की स्वच्छता व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती हैं।

सफाई के साथ जागरूकता पर भी जोर

अभियान के तहत गंदगी से सर्वाधिक प्रभावित स्थानों की पहचान कर उनकी गहन सफाई और जरूरत के अनुसार रंगाई-पुताई की जा रही है। साफ किए गए स्थानों पर ‘यहां न थूकें’ और ‘स्वच्छ रेल’ जैसे संदेशों वाले सूचना-पट्ट लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्री रेलवे परिसर को गंदा करने से बचें।

दानापुर मंडल के स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों, भूमिगत रास्तों तथा प्लेटफॉर्म के कोनों की सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आरा जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर भी इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन से यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

गंदगी फैलाने वालों पर हो सकती है कार्रवाई

रेलवे प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा जुर्माना लगाने पर भी जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल गंदगी साफ करना ही नहीं, बल्कि यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

सवाल यह कि आरा जंक्शन पर कितनी प्रभावी होगी पहल?

स्वच्छता अभियान की वास्तविक सफलता तभी दिखाई देगी, जब आरा जंक्शन पर भी नियमित सफाई, गंदगी फैलाने वालों की निगरानी और यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी। रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन के साथ यात्रियों की सहभागिता भी जरूरी है।
यात्री पान-गुटखा खाकर रेलवे परिसर में न थूकें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। स्वच्छ आरा जंक्शन, बेहतर यात्री सुविधा और स्वस्थ वातावरण की दिशा में सभी की भागीदारी जरूरी है।

Join us on: