रिपोर्टर – राजीव रंजन!
बिहार के मधेपुरा जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इटहरी गांव के वार्ड नंबर-2 में शनिवार को बारह वर्षीय मासूम सुमित कुमार की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
आपको बता दे कि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित आरोपी अनिल यादव की पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस संबंध में एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे मिली। मृत बालक सुमित कुमार, इटहरी गांव के वार्ड नंबर-2 निवासी सुनील ठाकुर का पुत्र था। वहीं, कथित आरोपी अनिल यादव (करीब 45 वर्ष) बराही गांव के वार्ड नंबर-8 का निवासी था। मिली जानकारी के अनुसार, सुमित कुमार अपने दो साथियों के साथ शौच के लिए निकला था। इसी दौरान पुल के पास कथित तौर पर पहले से मौजूद अनिल यादव ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना देखकर दोनों बच्चे गांव पहुंचे और लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ लोगों ने मासूम को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। हमलावर ने बचाने पहुंचे लोगों पर भी दबिया से हमला किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कथित आरोपी अनिल यादव को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घैलाढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मधेपुरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई है। घटना के कारणों और पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। बाइट : अजय कुमार, एसडीपीओ मधेपुरा




