रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
बिहार विधानसभा के माननीय सदस्य श्री बबलू मंडल जी ने आज हैदराबाद, तेलंगाना स्थित राष्ट्रीय पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन संस्थान (एनआईटीएचएम) के निदेशक डॉ. वी. वेंकट रमण के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार के स्थानीय युवाओं के लिए कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) और क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग) के माध्यम से राज्य के पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयां देना था।
बैठक के दौरान दोनों ने बिहार की असीम पर्यटन संभावनाओं (ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन) पर गहन मंथन किया। विधायक श्री बबलू मंडल ने कहा कि बिहार में अपार संभावनाएं होने के बावजूद कुशल मानव संसाधन की कमी के कारण पर्यटन क्षेत्र पूरी तरह से रोजगार का लाभ नहीं दे पा रहा है। इस दौरान दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि जल्द ही एनआईटीएचएम हैदराबाद का एक प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) पटना आएगा। यह प्रतिनिधिमंडल बिहार सरकार के संबंधित विभागों (पर्यटन विभाग, कला-संस्कृति विभाग तथा कौशल विकास मिशन) के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर यह तय करेगा कि राज्य में किस प्रकार पर्यटन-आधारित कौशल अभियान को जमीनी स्तर पर लागू किया जाए।
विधायक श्री मंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से बिहार के लाखों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। आने वाले दिनों में प्रतिनिधिमंडल के दौरे की औपचारिक तिथि निर्धारित की जाएगी।




