दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार
CCTV में कैद मौत का तांडव: यामाहा एजेंसी में घुसकर कर्मचारी की बेरहमी से हत्या, रॉड से कुचला फिर कैंची से गोदा
दिनदहाड़े खौफनाक वारदात से दहला दरभंगा, आरोपी आराम से स्कूटी पर बैठकर फरार; गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम
दरभंगा में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और भयावह चेहरा सामने आया है। अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी स्थित एक यामाहा एजेंसी में शुक्रवार की शाम दिनदहाड़े एक युवक की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई कि CCTV फुटेज देखने वालों की भी रूह कांप उठी।
मृतक की पहचान एजेंसी कर्मी मोहम्मद फ़ैज़ अहमद के रूप में हुई है। घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। CCTV फुटेज के अनुसार, फ़ैज़ अहमद अपने कंप्यूटर पर काम कर रहे थे, तभी एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर शो-रूम में दाखिल हुआ और सीधे उन पर हमला बोल दिया।
हमलावर ने फ़ैज़ अहमद के सिर और चेहरे पर लगातार कई वार किए। कुर्सी पर बैठे-बैठे ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े, लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा। वह दोबारा लौटा और कैंची उठाकर उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर आरोपी मौके से निकल गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी बिना किसी डर के बाहर खड़ी स्कूटी पर बैठा और फरार हो गया। घटना का पूरा दृश्य CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। एजेंसी पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने फ़ैज़ अहमद को खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर हत्या से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देर रात तक नेशनल सिनेमा चौक पर शव रखकर सड़क जाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।



