जहानाबाद-सदर अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का मंत्री जमा खान ने किया निरीक्षण,गुणवत्ता पर उठे सवाल!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार!

जहानाबाद। जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान ने शनिवार को जहानाबाद सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, एसडीएम समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदार के प्रतिनिधियों से भवन निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईंट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया ईंट की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं लग रही है। उन्होंने इसकी जांच कराने की बात कही।
मंत्री ने निर्माणाधीन भवन में इस्तेमाल की जा रही ईंट का सैंपल भी अपने साथ जांच के लिए लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की विधिवत जांच कराई जाए। यदि जांच में मानकों के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल पाया जाता है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण आम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जहानाबाद की जनता को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों को इसका जवाब देना होगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से समझौता होने की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: