बेगूसराय – कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित /बबलू राय!


बेगूसराय में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। जिले के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर आयकर विभाग की टीम कई घंटों से छापेमारी कर रही है। कार्रवाई को लेकर फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज अधिकारियों के हाथ लगे हैं। आपको बताते चले कि बेगूसराय के पावर हाउस स्थित के एंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर आयकर विभाग की टीम ने दोपहर करीब एक बजे छापेमारी शुरू की, जो देर रात तक जारी रही। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए।बताया जा रहा है कि के एंटरप्राइजेज के मालिक कृष्ण कुमार अग्रवाल जिले के जाने-माने कारोबारी हैं और उनका कारोबार बेगूसराय के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी फैला हुआ है। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग को वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं, जिसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जानकारी यह भी मिल रही है कि जांच का दायरा व्यापक है और यह कार्रवाई एक से अधिक दिनों तक चल सकती है।सूत्रों के अनुसार छापेमारी अभियान का नेतृत्व एडिशनल कमिश्नर आयकर अश्वनी कुमार सिंघल कर रहे हैं। टीम में आयकर अधिकारी राजकुमार भारती, संजीत आनंद और कार्यालय अधीक्षक नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।हालांकि अब तक आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों और जांच में मिले तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन इस कार्रवाई के बाद जिले के कारोबारी वर्ग में हलचल तेज हो गई है और कई व्यवसायी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में आखिर क्या सामने आता है। आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी

Join us on: