प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट:

बेगूसराय में एनएच 28 पर बदमाशों ने बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव निवासी अमित कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि अमित कुमार शनिवार की शाम 4 बजे दलसिंहसराय जाने की बात कह घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। पूरी घटना बछवारा थाना क्षेत्र के सूरो गांव के निकट एनएच 28 की है। बताया जाता है कि अमित कुमार बाइक से जा रहा था तभी बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई । घटना की सूचना पर बछवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है। हालांकि घटना को किस वजह से अंजाम दिया गया है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है । फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है। बेगूसराय में लगातार बदमाशों के द्वारा बड़ी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा रहा है जो पुलिस की कार्यशैली पर एक बड़ा सवाल है।पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का बाइक और एक पिस्तौल बरामद किया है। मृतक अमित कुमार बीएससी का छात्र बताया जा रहा है।




