कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ऊर्जावान एवं स्वप्नदर्शी प्राचार्य डॉ.एसपी शर्मा कृत संकल्पित
सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय द्वारा नए सत्र में नामांकित छात्रों के लिए दीक्षारंभ छात्र प्रेरण उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन 19 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बी.ए.,बी.एससी. प्रथम वर्ष (सत्र: 2023 से 2027) एवं स्नातकोत्तर (सत्र: 2022 से 2024)के लिए प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम की संयोजक डॉक्टर सीमा सिंह, विभागाध्यक्ष मनोविज्ञान एवं सहसंयोजक डॉक्टर सोनल विभागाध्यक्ष दर्शनशास्त्र को बनाया गया है। संयोजक डॉ सीमा सिंह ने बताया कि दीक्षारंभ छात्र प्रेरण कार्यक्रम (SIP) छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए (SAGE) के 4 मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित है जिसमें Socializing (समाजीकरण) में नवागंतुक छात्रों, वरिष्ठ छात्रों एवं छात्र संघ के बीच मेल मिलाप एवं विद्वान शिक्षकों के व्याख्यान को सम्मिलित किया गया है।Associating में छात्रों को महाविद्यालय एवं आसपास के परिवेश से जुड़ना सिखाया जाएगा। Governing छात्र हित में नियम, कानून एवं अनुशासन का परिचय दिया जाएगा। Experiencing में विषय आधारित व्याख्यान, अध्ययन कौशल, छोटे समूह आधारित क्रियाकलाप, खेलकूद, व्यायाम, कला, साहित्य एवं सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों की अनुभूति से परिचित कराया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागंतुक छात्रों को अध्ययन अध्यापन एवं महाविद्यालय के सकारात्मक परिवेश से जोड़कर उनको उज्जवल भविष्य के लिए अभिप्रेरित एवं तैयार करना है। इस कार्यक्रम में डॉक्टर अखिलेंद्र नाथ तिवारी विभागाध्यक्ष भूगोल एवं डॉक्टर सीमा पटेल विभागाध्यक्ष इतिहास मुख्य वक्ता होंगे जो क्रमशः राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आलोक में सीबीसीएस पैटर्न एवं मानवीय मूल्यों पर अपना वक्तव्य देंगे। इस कार्यक्रम से नवांगतुक सभी छात्र छात्राएं जहां अपने विषय की संरचना को समझने में दक्ष होंगे वहीं व्यक्तित्व को निखारने में सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों की भूमिका को समझ पाने में सक्षम भी होंगे। यह कार्यक्रम निश्चित रूप से महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण के लिए प्राणवायु साबित होगा और छात्र-छात्राओं को भारी मात्रा में महाविद्यालय कैंपस से जोड़ने का सेतु बनेगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ऊर्जावान एवं स्वप्नदर्शी प्राचार्य डॉक्टर शंकर प्रसाद शर्मा कृत संकल्पित है।




