सारण क्रिकेट लीग 2026 का आगाज, बॉलीवुड अभिनेता अरुण बख्शी और रैपर श्लोका ने किया जर्सी-ट्रॉफी का अनावरण!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


सारण क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से सारण क्रिकेट लीग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर पटना में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता एवं पार्श्व गायक अरुण बख्शी और लोकप्रिय रैपर श्लोका ने 10 टीमों की जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी 10 टीमों के कप्तान मौजूद रहे। इस मौके पर सारण क्रिकेट लीग की निदेशक कुसुम मल्लिक, आयोजन समिति के सदस्य सत्येंद्र सिंह एवं राकेश कुमार, मीडिया-11 के कप्तान धीरज सिन्हा, लीग के आयोजक सह हंगर फ्री भारत के संस्थापक अरविंद कुमार, वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के उपाध्यक्ष रोहित सिंह और रेवेन्यू रेंजर्स के कप्तान एवं सीजीएसटी अधिकारी विभाष कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बॉलीवुड अभिनेता अरुण बख्शी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता भी लाई जा सकती है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच मिलना चाहिए।

लीग के आयोजक अरविंद कुमार ने बताया कि सारण क्रिकेट लीग का आगाज 21 नवंबर 2026 को एक विशेष चैरिटी मैच के साथ होगा। इस मुकाबले में जीएसटी एवं एक्साइज अधिकारियों की टीम और मीडिया की टीम आमने-सामने होंगी। इस मैच का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश देना है।


उन्होंने बताया कि 21 से 27 नवंबर तक लीग के अंतर्गत विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 28 नवंबर को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में होंगे।

सारण क्रिकेट लीग की निदेशक कुसुम मल्लिक ने बताया कि 28 नवंबर की शाम लोकप्रिय रैपर श्लोका की म्यूजिकल प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

Join us on:

और पढ़ें