बांका ,रश्मि चौहान!
पदाधिकारीयों ने किया योजनाओं की समीक्षा
नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत बांका जिले में चल रही सभी 12 योजनाओं का जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में मिनी सभागार में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी 12 योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने एवं जल्द पूरा करने हेतु जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में बांका जिला मुख्यालय के आरएमके उच्च विद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी एवं कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर बनाने का कार्य किया जा रहा है। डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य लगभग 90% पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य जल्द पूरा करने के लिए कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, बांका को निर्देशित किया गया है। कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण को निर्देश दिया गया है कि जवाहर नवोदय स्कूल तथा आर0एम0के0 स्कूल में कंप्यूटर सेंटर का कार्य 1 सप्ताह के अंदर पूरा करें तथा इससे संबंधित आई0टी0 की सामग्री का क्रय जिला योजना पदाधिकारी के माध्यम से करेंगे। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी शिक्षा को निर्देश दिया गया है कि आईटी सामग्री व फर्नीचर जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं।कृषि के क्षेत्र में लेमनग्रास का प्लांटेशन, तसर विकास, ओढ़नी डैम में केज फार्मिंग एवं ईरी सिल्क से संबंधित कार्य किया जा रहा है। ओढनी डैम में केज फार्मिंग के लिए जिला मत्स्य पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि शेष बची सामग्री का क्रय करें एवं संवेदक को राशि भुगतान कर इस योजना को जल्द से जल्द पूर्ण करें। लेमनग्रास का प्लांटेशन लगभग 157 एकड़ भूमि पर हो चुका है, शेष पौधारोपण को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी, बांका को दिया गया है। पर्यावरण के क्षेत्र में ओढनी डैम के आस-पास क्षेत्रों में पौधारोपण एवं विकास कार्य किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत सिंचाई प्रमंडल के तीनों डिवीजन के कार्यपालक अभियंताओं की बैठक जिला योजना पदाधिकारी के द्वारा करने तथा इससे संबंधित प्रगति प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।




