शंखनाद ब्यूरो दुमका
सागे टोला निवासी मतियस हांसदा की पत्थर खदान में गिरकर मौत
पांच खदान संचालकों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज
शिकारीपाड़ा(दुमका)
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बेना गढ़िया सागे टोला निवासी मतियस हांसदा की खदान में गिरकर मौत होने का मामला सामने आया है| मामले में 10 फरवरी 2022 को उसकी पुत्री फूलोरा हेमरोम के बयान पर पुलिस ने खदान चलाने वाले पांच संचालकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच कार्य शुरू कर दिया है|सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उसकी पुत्री ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन मे बताया है कि मतियस हांसदा मंगलवार की सुबह घर से निकला था और जब काफी देर के बाद नहीं आया तो हमलोगो ने खोजबीन की तो पता चला कि आम चूआ के पत्थर खदान से एक व्यक्ति की लाश निकली है| खदान मालिक उसको लेकर रामपुरहाट चले गए हैं और वहां जाकर पोस्टमार्टम करा दिए हैं|फोटो तथा लाश को देखकर पहचान हुई कि वह मेरे पिता की लाश है| उक्त खदान एप्पल शेख,सुदीप चैटर्जी, मिथुन खान, मोहन राय एवं अशोक हेंब्रम एवं अन्य द्वारा चलाई जाती है| इन लोगों की लापरवाही के कारण ही मेरे पिता की जान चली गई। शिकारीपाड़ा पुलिस ने फूलोरा के बयान पर उक्त पांचों व्यक्तियों एवं अन्य के विरुद्ध भादवि की धारा 304, 201 एवं 34 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है । ज्ञात हो कि उक्त व्यक्ति की लाश को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की शाम से रात्रि के लगभग 12:00 बजे तक दुमका रामपुरहाट राष्ट्रीय उच्च पथ को जाम कर दिया था तथा ग्रामीणों की मांग थी कि जो व्यक्ति पत्थर खदान से लाश को उठाकर ले गया है वही व्यक्ति लाश को गांव में लाकर हम लोगों को जिम्मा दें। शुक्रवार को शिकारीपाड़ा थाना के अवर निरीक्षक सुगना मुंडा एवं सहायक अवर निरीक्षक रवि शर्मा ने रामपुरहाट अस्पताल से मृतक की लाश लाकर सागेटोला में मृतक की बेटी के सुपुर्द कर दिया है।




