रिपोर्ट – मनोज कुमार!
खबर पश्चिम चम्पारण ज़िले के बेतिया से जहां मजहब की दीवार से ऊपर उठी आस्था की मिसाल, 21 वर्षों से छठी मैया की आराधना कर रही हैं मुस्लिम महिला जूही यासमीन
संतान प्राप्ति की मन्नत पूरी होने पर शुरू किया था छठ व्रत, आज भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से निभा रही हैं परंपरा
नरकटियागंज। आस्था और विश्वास का कोई मजहब नहीं होता। जब इंसान के दिल में श्रद्धा और समर्पण की भावना जागती है, तो धर्म की सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। इसकी खूबसूरत मिसाल पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज नगर के वार्ड संख्या-7 में देखने को मिल रही है। यहां एक मुस्लिम परिवार के घर पिछले 21 वर्षों से छठी मैया की आराधना हो रही है। परिवार की महिला जूही यासमीन पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ करती आ रही हैं।
जूही यासमीन की इस आस्था की कहानी करीब 21 वर्ष पुरानी है। बताया जाता है कि उन्होंने संतान प्राप्ति की कामना को लेकर छठी मैया से मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने छठ व्रत करने का संकल्प लिया। इसके बाद से लगातार हर वर्ष वह इस महापर्व को पूरी आस्था के साथ मनाती हैं। उनकी इस परंपरा ने समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
छठ के चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान के दौरान जूही यासमीन नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की सभी परंपराओं का पालन करती हैं। वह स्वयं प्रसाद और पारंपरिक पकवान तैयार करती हैं। खरना के दिन गुड़ की खीर बनाकर पूजा-अर्चना करती हैं और इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। व्रत के अंतिम चरण में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं।



