लाखों की स्मैक और लाखों नकदी समेत महिला तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – मलय झा!

पूर्णिया पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्तिनगर वार्ड संख्या 24 में पुलिस ने छापेमारी कर 856.06 ग्राम स्मैक और 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नकद बरामद किए हैं. इस मामले में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका बेटा मौके से फरार होने में कामयाब रहा. मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि जब्त की गई स्मैक की बाजार में अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये आंका जा रही है. वहीं, बरामद किए गए 5 लाख से अधिक रुपये स्मैक की खरीद-बिक्री से जुड़े हैं. मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवशक्तिनगर में यह अवैध कारोबार मां और बेटे मिलकर चला रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान कर ली गई है. वहीं, उसका बेटा आनंद चौधरी पुलिस के आने की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से स्मैक और नकदी के अलावा तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल इस नेटवर्क को संचालित करने के लिए किया जाता था. एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्तिनगर इलाके में भारी मात्रा में स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद दंडाधिकारी की निगरानी में मरंगा थाना पुलिस और डीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से उक्त ठिकाने पर छापेमारी की और महिला को धर दबोचा. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि इस अवैध नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. एसडीपीओ ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. टीम में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि अनंत कुमार, निभा कुमारी, शैलेश कुमार सिंह, संजीत कुमार व डाईयू की टीम शामिल थे.

बाइट -एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर।

Join us on: