जामा ब्यूरो की रिपोर्ट
जामा(दुमका)
जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत पलासी रेलवे ट्रैक के मधुडंगाल झाड़ी के पास हुए अंगलेश राय हत्याकांड मामले में जामा पुलिस ने 72 घंटे के अंदर कांड का उद्भेदन कर शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने में सफलता प्राप्त की है।जामा थाना परिसर में बुधवार को जरमुंडी एसडीपीओ उमेश कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर बीते रविवार को बारापलासी के पास मधुडंगाल गांव के पास मिले युवक का अर्धनग्न शव मामले में तीन आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दी। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक अमरेश राय की हत्या तीनों आरोपियों संदीप सिंह, अभिराम लायक और प्रेमनाथ कापरी द्वारा पत्थर से मार मारकर कर दी थी। उक्त तीनों आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि शराब पीने के दौरान झगड़ा हुआ और उक्त तीनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार बीते रविवार को पुलिस ने युवक का शव बरामद किया था। मृतक की पत्नी सोनिया देवी के बयान पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। लेकिन प्राथमिकी में तीनों आरोपियों का नाम उल्लेखित था। पुलिस निरीक्षक सदर रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर घटना का अनुसंधान किया गया जिसमें उक्त तीनों आरोपियों की संलिप्तता पायी गयी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी आरोपियों के निशानदेही पर बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी संदीप सिंह के मोबाईल का सिम भी बरामद किया है। ज्ञात हो कि यही संदीप सिंह मृतक का मोबाईल और पर्स लाकर मृतक की पत्नी को दिया था और बताया था कि उसका पति शराब के नशे में बारापलासी हटिया के पीछे सोया पड़ा है। लेकिन उक्त जगह पर जाने पर वह वहां नहीं पाया गया। खोजबीन के क्रम में रविवार को भौरा गांव के पास मृतक का चप्पल और जीन्स पेंट पाया गया था। और शव मधुडंगाल गांव के पास से पुलिस ने बरामद किया था। तीनों आरोपियों में संदीप दुधानी गांव का जबकि अभिराम लायक और प्रेमनाथ कापरी पिपरा गांव का ही रहनेवाला बताया जाता है। मृतक अपने ससुराल पिपरा गांव आया हुआ था। जहां उसकी हत्या कर दी गयी है। छापामारी दल में प्रभारी थाना प्रभारी भीमसेन महतो, रामगढ़ थाना प्रभारी रूपेश कुमार, एसआई रविशंकर सिंह, एएसआई अनंत शर्मा, बाबूलाल हांसदा, बनारसी राम सहित पुलिस के जवान मौजूद थे।




