धीरज शर्मा की रिपोर्ट
17 जनवरी 2022, भागलपुर
रोजी-रोटी, लोकतंत्र व संविधान पर हमले खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने के लिए भाकपा-माले के 10वें नगर सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी की शहादत दिवस पर 30 जनवरी 2022 को किया जाएगा। उक्त निर्णय स्थानीय सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में भाकपा-माले के नगर कमिटी की बैठक में ली गयी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी नगर सचिव सुरेश प्रसाद साह ने की। भाकपा-माले के नगर प्रभारी सह जिला कमिटी सदस्य मुकेश मुक्त ने बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले 2 वर्षों तक पार्टी ने पूरे देश में 'आजादी के 75 साल : जनअभियान' चलाने की घोषणा की है। वहीं नीचे ब्रांच स्तर से लेकर ऊपर तक पार्टी संगठन को ...और अधिक मजबूत करने के लिए राज्य कमिटी ने 23-25 मार्च को राज्य सम्मेलन कराने की घोषणा की है। हालांकि कोरोना की वजह से हर स्तर पर लगातार संकट बना हुआ है, निर्णयों के कार्यान्वयन के लिए विपरीत परिस्थिति है। तब भी हमें इससे बचाव का पूरा ध्यान रखते हुए मजदूरों - किसानों के पक्ष में मजबूती से खड़ा रहना होगा। सरकारें इस संकट का फायदा उठाकर लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है और उसे लागू भी कर रही है। इसके खिलाफ लगातार जन प्रतिरोध संगठित करना होगा। बैठक में तय किया गया कि नगर सम्मेलन के पूर्व 18 से 27 जनवरी तक सदस्यता का विस्तार करते हुए शहरी क्षेत्र के सभी पार्टी ब्रांचों का पुनर्गठन किया जाएगा। रोजी-रोटी की गारंटी के सवाल पर शहरी वार्ड व आस-पास के इलाकों में गरीबों-मजदूरों को संगठित किया जाएगा। इसी बीच जिला पदाधिकारी के समक्ष रिक्शा, टोटो व ऑटो चालकों की समस्या को रखते हुए अनावश्यक जांच-पड़ताल के नाम पर चलाए जा रहे अवैध वसूली के खेल को रोकने एवं सभी दिहाड़ी मजदूरों सहित शहरी गरीबों के लिए नियमित काम या भत्ते की गारंटी करने की मांग रखी जाएगी। भागलपुर प्रक्षेत्र में स्वधीनता आंदोलन के दौरान आदिवासियों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तिलकामांझी सहित हजारों आदिवासी वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत और उसके देशी दलालों से लोहा लेते हुए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। किन्तु इतिहास में इन्हें समुचित स्थान नहीं मिला है। आजादी के 75वें वर्ष में भाकपा-माले ऐसे ही नायकों-सेनानियों को सामने लाने, उनका सम्मान करने और उनसे प्रेरणा ग्रहण कर उनके संघर्ष की विरासत को स्थापित करने लिए अगले दो वर्ष तक जन अभियान चलाएगी। भागलपुर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर झंडोत्तोलन कर इन आजादी के दीवानों को श्रद्धांजलि देते हुए 'आजादी के 75 साल : जनअभियान' की शुरुआत की जाएगी। बैठक में नगर प्रभारी मुकेश मुक्त, नगर सचिव सुरेश प्रसाद साह, जिला कमिटी सदस्य विष्णु कुमार मंडल, नगर कमिटी सदस्य अमर कुमार, मनोज कृष्ण सहाय, सुभाष कुमार, अमित गुप्ता, बुधनी देवी व लूटन तांती, राजेश कुमार दास, मो. मुमताज, मो. रुस्तम, सिकंदर मंडल शामिल हुए।




