सचिन केजरीवाल की रिपोर्ट
साहिबगंज
पलामू जिले के नावा बाजार थाना प्रभारी दिवंगत एसआई लालजी यादव की संदेहास्पद मृत्यु के मामले में एक नया मोड़ आया है| मामले को ले कर पलामू पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार और जिला परिवहन पदाधिकारी अनवर हुसैन के खिलाफ लालजी यादव की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उनकी पत्नी ने जिरवाबाड़ी ओपी में आवेदन दे कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है|लालजी यादव की पत्नी ने अपने दिए आवेदन में बताया है कि उनके पति ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि एक साजिश के तहत उनकी हत्या की गई है| जिसका कारण संबंधित अधिकारियों का गैर कानूनी कामों में संलिप्त होना तथा उन्हे भी इसमें शामिल करने के लिए उन पर अनावश्यक दबाव बनाना बताया है। उन्होंने अपने आवेदन में बताया है कि पलामू पुलिस अधीक्षक एवं अन्य उल्लेखित पदाधिकारी आए दिन लालजी यादव पर इस बात के लिए दबाव बनाते थे कि वो अवैध वसूली करें और पुलिस अधीक्षक को रकम पहुंचाए, जबकि वो लगातार ऐसा करने से मना कर रहे थे और इसी बात से नाराज अधिकारियों ने पहले उनके साथ बकझक की और फिर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें निलंबित कर दिया| पत्नी ने बताया कि उन्हे लगातार हत्या की धमकियां दी जा रही थी, साथ ही लालजी यादव के निलंबन को स्थगित करने के एवज में पुलिस अधीक्षक ने उनसे 10 लाख रूपये से मांग की थी|इन सारी वजह से वो मानसिक दबाव में थे। उन्होंने अपने आवेदन में ये भी बताया है कि इन पदाधिकारियों ने लालजी यादव पर लगातार अवैध वसूली करने के लिए दबाव बनाया था, साथ ही ये भी बताया गया है कि वो इन सब बातों की चर्चा अपनी पत्नी से बात करने के दौरान अक्सर किया करते थे|उनकी बातों में उनकी हताशा और परेशानी साफ दिखती थी|पीड़िता पूजा कुमारी ने आवेदन दे कर इन तीनों पाधिकारियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं इस विषय पर जब हमने जिरवाबाड़ी थाना के थाना प्रभारी सुनील कुमार से बात की तो उन्होंने बताया की घटना स्थल जिस थाने में पड़ता है उस थाने को ये आवेदन भेज दिया गया है। बता दें की इसी महीने की पिछली 10 तारीख को लालजी यादव का शव उनके क्वार्टर में फंदे से झूलता हुआ बरामद किया गया था|तभी से मामले की सीबीआई जांच की मांग उनके परिजनों के साथ अन्य लोग कर रहें हैं| जबकि मुख्यमंत्री ने मामले की सीआईडी जांच को मंजूरी दे दी है, और पीड़ित परिवार से किसी भी समय मिलने का समय भी उनके द्वारा दिया गया है।




