रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में 12 नवंबर को बरामद शव को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरों को मधुबनी पुलिस ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने प्रेस कॉन्फेंस कर स्पष्ट किया गया है कि शव किसी बोरी में बंद नहीं, बल्कि खुले मैदान में झाड़ी के पास खुली अवस्था में मिला था। पुलिस के अनुसार, वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं उद्भेदन हेतु गठित विशेष पुलिस टीम ने ही शव की बरामदगी की थी। इसके बाद बाबूबरही थाना में हत्या संबंधी धाराओं में अज्ञात के विरुद्ध कांड संख्या 587/26, दिनांक 12 नवंबर 2026 दर्ज किया गया है। कांड में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 238, 3(5) तथा आग्नेयास्त्र संबंधी धाराएं लगाई गई हैं। बीएनएस की धारा 103(1) हत्या, 61(2) आपराधिक षड्यंत्र, 238 साक्ष्य का लोप या झूठी सूचना और 3(5) साझा आशय से किए गए कृत्य से संबंधित है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दंडाधिकारी की उपस्थिति में तीन चिकित्सकों की मेडिकल बोर्ड टीम के द्वारा पूर्ण वीडियोग्राफी के साथ एएसआई चन्द्रमोहन सिंह की शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं, एफएसएल टीम के द्वारा घटनास्थल की गहन जांच की गई है। शव के नीचे से बरामद सर्विस पिस्टल की बैलिस्टिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि उस हथियार से गोली चली थी या नहीं। मृतक की पहचान वैज्ञानिक रूप से पुष्ट करने के लिए डीएनए जांच भी कराई जाएगी। त्वरित और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02 कामनी 3 (खजौली) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। बरिय पुलिस अधिक्षक ने आगे कहा है कि सभी पहलुओं पर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। सोशल मीडिया सेल द्वारा इस मामले से जुड़ी खबरों की निगरानी की जा रही है। भ्रामक सूचना फैलाने वालों को चिन्हित कर लिया गया है और भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, मधुबनी पुलिस ने बाबूबरही मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन लोगों को दिया है।



