रिपोर्ट – बिकास कुमार!
19 से 21 नवंबर तक महिषी में तीन दिवसीय महोत्सव का होगा आयोजन
मंडन धाम में राष्ट्रीय सेमिनार में जुटेंगे देशभर के ख्यातिप्राप्त विद्वान
सहरसा
मिथिला की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन 19 से 21 नवंबर 2026 तक महिषी के राजकमल क्रीड़ा मैदान में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में संगीत, हास्य, लोककला और साहित्य-संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।महोत्सव के पहले दिन इंडियन आइडल फेम पार्थो घोष एवं मोनालिसा अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। दूसरे दिन बॉलीवुड की चर्चित पार्श्वगायिका सपना अवस्थी अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी। इसी दिन इंडियन लाफ्टर शो के लोकप्रिय हास्य कलाकार सुनील पाल अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाएंगे। वहीं, महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन इंडियन आइडल की चर्चित गायिका सयाली कांबले की सुरीली आवाज से महिषी का सांस्कृतिक मंच गुंजायमान होगा।
महोत्सव की खास बात यह होगी कि तीनों दिनों स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिले के लोक कलाकार, संगीतकार एवं सांस्कृतिक प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को मंच प्रदान करेंगे। इससे स्थानीय कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को भी अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
मंडन धाम में राष्ट्रीय सेमिनार, विद्वानों के बीच होगा शास्त्रार्थ
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ महोत्सव के अंतर्गत 20 एवं 21 नवंबर को प्रसिद्ध मंडन धाम में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से ख्यातिप्राप्त विद्वान, शिक्षाविद् एवं विषय विशेषज्ञ जुटेंगे। सेमिनार में भारतीय दर्शन, मिथिला की ज्ञान परंपरा, मंडन मिश्र की दार्शनिक विरासत तथा शास्त्रार्थ की गौरवशाली परंपरा पर गंभीर विमर्श होगा। विद्वानों के बीच वैचारिक संवाद एवं शास्त्रार्थ के माध्यम से मिथिला की बौद्धिक विरासत को पुनः रेखांकित किया जाएगा।इस प्रकार श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि मिथिला की सांस्कृतिक चेतना, लोक परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और ज्ञान-विज्ञान की परंपरा को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगा। तीन दिनों तक महिषी संगीत, कला, हास्य और विद्वत् विमर्श की जीवंत धारा से सराबोर रहेगा। इस आयोजन से सहरसा जिले को पर्यटन एवं सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।जिलाधिकारी दीपेश कुमार के आदेश पर सभी संबद्ध विभागों को श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव के विराट सफलता के लिए निर्देशित कर दिया गया है।



