भोजपुर में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने लगाई फांसी, मौत के बाद पति समेत ससुराल वाले फरार!

SHARE:

रिपोर्ट -आशुतोष पाण्डेय!

दहेज में गाड़ी और नकदी देने के बावजूद डेढ़ लाख रुपये की हो रही थी मांग, परिजनों ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

भोजपुर जिले के खवासपुर थाना क्षेत्र के जानकी बाजार में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना देकर बुलाया।

मृतका की पहचान नंदनी देवी के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतका के चाचा सुनील कुमार ने बताया कि 12 मार्च 2026 को नंदनी की शादी कल्लू साह के साथ हुई थी। शादी के दौरान दहेज में एक गाड़ी और नकद रुपये दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर नंदनी को कथित तौर पर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

वहीं, मृतका के चाचा नीतिश गुप्ता ने बताया कि नंदनी के माता-पिता कोलकाता में रहते हैं। घटना की जानकारी नंदनी के ननिहाल पक्ष के लोगों से मिली, जिसके बाद सभी परिजन आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचे। वहां नंदनी का शव देखकर परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उन्होंने कहा कि दहेज प्रताड़ना के मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

फिलहाल घटना के बाद से पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

बाईट/सुनील कुमार
बाईट/नीतीश कुमार गुप्ता

Join us on:

और पढ़ें