रिपोर्ट – अमित कुमार!
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना के मौके पर पटना में सियासी हलचल तेज रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना स्थित आवास पर खरना के प्रसाद का आयोजन किया गया, जहां केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।
नितिन नवीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने पारंपरिक विधि-विधान से मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर गुड़ की खीर और रोटी का खरना प्रसाद तैयार किया। प्रसाद ग्रहण के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
खरना के इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर वीवीआईपी जमावड़ा लगा रहा। राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। चिराग पासवान शाम के समय नितिन नवीन के घर पहुंचे और प्रसाद लिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा – “लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के पटना स्थित आवास पर खरना का प्रसाद ग्रहण किया।” इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
गौरतलब है कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन के 3 स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर इतने बड़े पैमाने पर छठ का आयोजन हो रहा है।



