गंगा-जमुनी तहजीब का अनूठा संगम है आरा का कलेक्ट्रेट तालाब, एक छोर पर मंदिर तो दूसरे छोर पर मस्जिद और चर्च!

SHARE:

रिपोर्ट -आशुतोष पाण्डेय!

छठ महापर्व के दौरान आस्था के साथ दिखती है सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक एकता की अद्भुत तस्वीर

लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा बिहार की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता है। कार्तिक महीने में मनाए जाने वाले इस महापर्व को देखने और इसकी परंपराओं को करीब से समझने के लिए देश-विदेश से लोग बिहार पहुंचते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं।

इसी आस्था और परंपरा की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर भोजपुर जिला मुख्यालय आरा स्थित ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट तालाब पर देखने को मिलती है। यहां छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। लेकिन इस तालाब की खासियत केवल छठ पूजा का आयोजन ही नहीं, बल्कि यहां दिखाई देने वाला सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक एकता का अनूठा नजारा भी है।

कलेक्ट्रेट तालाब के एक छोर पर सूर्य मंदिर, दूसरे छोर पर मस्जिद और तीसरे छोर पर चर्च स्थित है। एक ही परिसर के आसपास मौजूद ये धार्मिक स्थल आपसी भाईचारे और सर्वधर्म समभाव का खूबसूरत संदेश देते हैं। छठ महापर्व के अवसर पर यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग पहुंचते हैं। हर वर्ग के लोग एक साथ खड़े होकर छठ की छटा निहारते हैं और इस महापर्व के उल्लास में शामिल होते हैं।

सूर्य की उपासना, व्रतियों की श्रद्धा, छठी मैया के गीतों की गूंज और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच यहां धर्म की दीवारें छोटी और इंसानियत का रिश्ता बड़ा दिखाई देता है। यह नजारा बताता है कि पर्व-त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने और आपसी प्रेम बढ़ाने का भी माध्यम हैं।

कलेक्ट्रेट तालाब की यह तस्वीर बिहार की उस सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग अपनी-अपनी आस्था के साथ रहते हुए एक-दूसरे के पर्व और परंपराओं का सम्मान करते हैं। वास्तव में आरा का कलेक्ट्रेट तालाब छठ महापर्व के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की एक मिसाल बन जाता है।

बाईट/जितेंद्र सिंह

बाईट/मंगलम

Join us on:

और पढ़ें