रातों-रात करोड़पति बने गरीब दम्पत्ति का तीन दिनों में ही टूट गया सपना

SHARE:

शंखनाद संवाददाता

तीन दिनों पहले था 75 करोड़ का मालिक आज हो गया खाकपति

बैंक का आईटी सेल कर रहा है गहन जांच की तैयारी, बड़े फर्जीवाड़े की अशंका

जरमुंडी (दुमका)

जरमुंडी प्रखंंड से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है|फूस की झोपड़ी में रहने वाले एक दम्पति के साथ एक ऐसी घटना घटी कि वह रातो रात करोड़पति बन गए परंतु 3 दिन के अंदर इस गरीब दंपति के करोड़पति बनने का सपना टूट गया। बात जरमुंडी प्रखंड के रायकिनारी पंचायत अंतर्गत रूपसागर गांव के फूलो राय की है जो अपनी पत्नी विमला देवी एवं एक दिव्यांग पुत्र के साथ एक फूस की झोपड़ी में गरीबी में जीवन गुजर बसर करता है।
बात 10 जनवरी की है जब फूलो अपने बचत खाते एवं केसीसी खाते को लेकर समीप के गांव बेलदाहा में एयरटेल पेमेंट बैंक के मोबाइल बैंकिंग कर्मी से 10 हजार की निकासी करता है और इसके बाद एक स्लिप प्राप्त करता है। अनपढ़ फूलो घर आकर अपने परिचित को स्लिप दिखाता है तो पर्ची में करोड़ों रुपए जमा देखकर सबके होश उड़ जाते हैं। मोबाइल बैंक की पर्ची में 75 करोड़ 28 लाख 68 हजार 837 रूपये 37 पैसे उसके खाते में शेष बचत राशि दिखाई देता है। इतने ढेर सारे रुपए अपने खाते में देखकर इस परिवार की रातों की नींद उड़ गई। फूलों एवं उसके परिवार को विश्वास नहीं हो रहा था फिर अगले दिन वह समीप ही स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक के सीएसपी सेंटर में गया और वहां से भी 10 हजार रुपए की निकासी की। उस सीएसपी सेंटर से उसे जो पर्ची मिली उसमें 5 करोड़ 53 लाख 10 हजार 139 रुपये 28 पैसे शेष राशि अंकित थी। ग्रामीण बैंक के सीएसपी संचालक हीरालाल यादव ने अपने दैनिक रजिस्टर में भी इसे नोट कर लिया।
अचानक खाते में राशि कम हो जाने से परेशान फूलों राय ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जरमुंडी स्थित शाखा से अपना स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि फूलो राय का उक्त खाता किसान क्रेडिट खाता है और उसमें 30 हजार रुपए जमा थे जो लगातार तीन दिनों में 10 हजार रुपये करके निकासी कर ली गई है और खाते में मात्र 581 रुपये बचे हुए हैं।
अब सवाल उठता है कि इतने सारे रुपए फूलो राय के खाते में सीएसपी पर्ची में कैसे दिखाई दिए जो मूल ब्रांच द्वारा जारी स्टेटमेंट में नजर नहीं आया जो कहीं ना कहीं बैंक का गड़बड़झाला नजर आ रहा है जो जांच के बाद ही पता चल पाएगा।वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में आईटी सेल द्वारा गहन जांच की जाने की तैयारी की जा रही है इससे बहुत जल्द ही सच सामने आने की संभावना नजर आ रही है ।

Join us on:

Leave a Comment