भारत स्काउट व गाइड ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस समारोह!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार

सर्वधर्म प्रार्थना, झंडोत्तोलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

सहरसा

भारत स्काउट और गाइड, सहरसा के तत्वावधान में स्थानीय जिला स्कूल सभागार में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि एवं भारत स्काउट और गाइड, सहरसा के जिला शिक्षा पदाधिकारी सह सभापति रोहित रौशन ने सहभागिता की। इसके पश्चात उन्होंने झंडोत्तोलन किया तथा आयोजित रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।मुख्य समारोह का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्काउटिंग के जनक लॉर्ड बेडेन पॉवेल की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला संगठन आयुक्त डीओसी रविरंजन ने मुख्य अतिथि को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित एवं स्वागत किया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत स्काउट और गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, सहयोग, समर्पण और मानवीय मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से लॉर्ड बेडेन पॉवेल के आदर्शों, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही निबंध लेखन, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला मुख्य आयुक्त नुनुमणि सिंह, पूर्व प्राचार्य राणा जयराम सिंह, पूर्व सचिव चंद्रशेखर पोद्दार, सुधा कुमारी, प्राचार्य प्रभाष मिश्र, जिला सचिव शंभु प्रसाद यादव, राज्य प्रतिनिधि स्काउटर सैयद शमी अहमद, प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह, स्काउट मास्टर आनंद कुमार झा , गौतम कुमार ठाकुर , स्काउट सुशांत, गणेश, सुमित सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।समारोह ने बच्चों में सेवा, अनुशासन, सहयोग, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Join us on: