रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने वाली भारत नेपाल सीमा पर मुस्तैद 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के समवाय मुख्यालय कमला की गश्ती टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 117 लीटर नेपाल निर्मित शराब जब्त की गई तथा दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त सूचना के आधार पर लगभग 09.40 बजे एस एस बी गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 271/4 से लगभग 700 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में कमला नहर के निकट चचरी पुल के पास नेपाल से भारत की ओर सिर पर बोरियां लेकर आ रही कुछ महिलाओं को देखा। गश्ती दल द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान दो महिलाओं को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ अन्य महिलाएं बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहीं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोमनी देवी, लगभग 27 वर्ष, पति भादेश सहनी तथा मुस्कान खातून, 17 वर्ष, पिता मोहम्मद जुमरत, दोनों गांव उशराही, थाना देवधा, जिला मधुबनी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान कुल 117 लीटर नेपाल निर्मित शराब बरामद की गई, जिसमें गौरव सौफी की 300 बोतलें ,90 लीटर तथा ब्रिक्स की 90 बोतलें, 27 लीटर, शामिल हैं।
गिरफ्तार महिला शराब तस्कर से प्रारंभिक पूछताछ में शराब नेपाल के इनरवा स्थित शराब दुकान से खरीदकर बिहार के उशराही गांव में अपने घर से अवैध शराब का कारोबार करने की जानकारी प्राप्त हुई है।
जब्त शराब एवं गिरफ्तार महिलाओं के विरुद्ध आवश्यक जब्ती एवं गिरफ्तारी संबंधी कार्रवाई पूर्ण कर आगे की कार्वाई को लेकर देवधा थाना को सुपुर्द करने कर दिया गया है।
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं तस्करी की रोकथाम के लिए निरंतर सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जो आगे भी जारी रहेगा।



