रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
विधायक के अल्टीमेटम के बाद डीएम ने किया निरीक्षण, एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने और एमआरएफ प्लांट का काम जल्द शुरू कराने का निर्देश
मड़वन। कांटी विधायक ई. अजीत कुमार के अल्टीमेटम के बाद सोमवार को जिलाधिकारी कुमार गौरव ने रौतिनिया स्थित नगर निगम के कचरा डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डंपिंग यार्ड से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक की मांग पर डीएम ने खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग करने और डंपिंग यार्ड की व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस पहल करने की बात कही। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने, एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का काम जल्द शुरू कराने तथा कचरा निष्पादन की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ई अजीत कुमार और आसपास के लोगों ने डीएम को बताया कि कचरा डंपिंग के कारण क्षेत्र में दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। लोगों ने शिकायत की कि आसपास के कई बच्चे कुपोषण के शिकार हो रहे हैं, जबकि अनेक लोग विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हैं। इस पर डीएम ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर प्रभावित इलाके में सर्वे कराने का निर्देश दिया। टीम लोगों के स्वास्थ्य की स्थिति और बीमारियों से संबंधित जानकारी जुटाएगी।
इस दौरान विधायक ई. अजीत कुमार ने डीएम से रौतिनिया नगर निगम डंपिंग यार्ड को गोद लेने की मांग की, ताकि इस समस्या के समाधान की नियमित निगरानी हो सके। उन्होंने कहा कि लोगों से जो वादा किया है, उसे पूरा कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस समस्या को लेकर पूर्व में तत्कालीन डीएम सुब्रत कुमार सेन को भी स्थल पर लाया गया था। उस समय काम शुरू हुआ, लेकिन उसकी गति काफी धीमी रही। उन्होंने बताया कि विधानसभा की प्राक्कलन समिति में भी लगातार इस मुद्दे को उठाया गया। बीस सूत्री की बैठक में भी समस्या को प्रमुखता से रखा गया, लेकिन अपेक्षित काम नहीं हुआ। अंततः उन्होंने अल्टीमेटम दिया था।
विधायक ने वर्तमान डीएम पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनका यहां आना और समस्या को गंभीरता से लेना समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम है। उम्मीद है कि अब लोगों को इस समस्या से निजात मिलेगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ वे आंदोलन करने और संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे।
डीएम ने नगर निगम आयुक्त को रेवा रोड से रौतिनिया पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क का जीर्णोद्धार कराने, डंपिंग यार्ड के सामने स्थित पोखर की छठ पर्व को देखते हुए सफाई और जीर्णोद्धार कराने तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि एजेंसी की ओर से काम सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। कार्य की गति काफी धीमी है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रधान सचिव से भी बात की जाएगी। वे स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग करेंगे। जल्द ही एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लगाने और एमआरएफ प्लांट का काम शुरू कराने की पहल होगी।
वहीं, नगर निगम आयुक्त ने कहा कि कचरा प्रोसेसिंग का काम धीमी गति से चल रहा है। मंगलवार को विभागीय बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यहां एक ट्रॉमल मशीन है और एक अतिरिक्त मशीन लगाई जाएगी। एमआरएफ प्लांट के काम की नियमित मॉनिटरिंग होगी। आसपास के लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सीओ को नोडल पदाधिकारी बनाकर नियमित छिड़काव कराया जाएगा।
मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, मनोज कुमार सिंह, अवधेश सिंह, मुकुंद कुमार, अंकेश ओझा, श्रीराम कुमार, इंदल साह सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
बाइट :- ई.अजीत कुमार पूर्व मंत्री JDU विधायक कांटी



