रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
वैशाली के पातेपुर से इस वक्त बड़ी खबर है मजदूर की मौत के बाद भड़के आक्रोश ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क जाम खुलवाने पहुंचे पंचायत के मुखिया को ही भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। लाठी-डंडे और लात-घूंसों से हुई इस पिटाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।मामला पातेपुर के चांदपुरा गांव का है, जहां 22 वर्षीय मजदूर सकिंदर कुमार की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बताया जा रहा है कि रोजगार के लिए पुणे गए सकिंदर की मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।सकिंदर का शव गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने शव को आरोपी ठेकेदार के दरवाजे पर रख दिया और पातेपुर-बलिगांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।सड़क पर लंबा जाम लग गया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान जाम खत्म कराने और लोगों को समझाने बलिगांव पंचायत के मुखिया राम इकबाल चौरसिया मौके पर पहुंचे।लेकिन आक्रोशित भीड़ ने मुखिया की बात मानने के बजाय उन पर हमला कर दिया। भीड़ ने मुखिया को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।घटना के बाद पुलिस ने इलाके में मोर्चा संभाल लिया है। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और हालात को नियंत्रित करने में जुटी है।



