रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के जाने-माने वेटलिफ्टर सागर कुमार उर्फ शेट्ठी सिंह के दोनों बेटों की छत्तीसगढ़ में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही कटिहार में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, शेट्ठी सिंह के दोनों बेटे छत्तीसगढ़ में अपने मासी के घर घूमने गए थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वतीपुर में डूबने की दर्दनाक घटना हुई। इस हादसे में शेट्ठी सिंह के दोनों बेटों समेत उनके साढ़ू के एक बेटा की भी मौत हो गई। इस तरह एक ही हादसे में एक युवक समेत तीन बच्चों की जिंदगी खत्म हो गई।

सबसे दुखद पहलू यह है कि शेट्ठी सिंह के बेटे ने हाल ही में ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर परिवार और कटिहार का नाम रोशन किया था। जिस घर में बच्चों की उपलब्धियों पर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पूरा परिवार कटिहार से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गया है। इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे कटिहार को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक औऱ तीन मासूमों की मौत से हर आंख नम है और हर कोई शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।




