पटना से अमित कुमार रिपोर्ट!
अनंत सिंह के JDU से निष्कासन पर अब सियासत तेज हो गई है। RJD प्रवक्ता इजाज अहमद ने JDU और NDA पर जमकर निशाना साधा है और इसे दोहरी राजनीति करार दिया है।
RJD प्रवक्ता इजाज अहमद ने कहा कि JDU द्वारा आंतरिक लोकतंत्र और अनुशासन के नाम पर अनंत सिंह के निष्कासन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इससे विधान परिषद चुनाव को लेकर NDA और JDU खेमे की बेचैनी साफ तौर पर दिख रही है।
इजाज अहमद ने JDU की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या केंद्रीय मंत्री द्वारा चुनाव प्रचार न करने और नेतृत्व के आदेश की अवहेलना करने पर भी वैसी ही कार्रवाई होगी, या उन्हें भी अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि JDU अवसरवादी राजनीति को बढ़ावा देती है और पार्टी के अंदर दोहरी सोच स्पष्ट दिखती है।
इजाज अहमद ने JDU नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि JDU के भीतर नेतृत्व अब शक्तिविहीन हो चुका है और नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में चला गया है जो भाजपा के विचारों को पार्टी पर थोपना चाहता है।



