रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
कटिहार जिले के आजमनगर से प्यार और परिवार की सहमति की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है, जो इस वक्त पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। कहते हैं न कि अगर प्यार सच्चा हो तो पूरी कायनात उसे मिलाने में जुट जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार की देर रात आजमनगर बाजार स्थित पोद्दार टोला ठाकुरबाड़ी मंदिर में देखने को मिला, जहां एक प्रेमी युगल ने सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे का हाथ थाम लिया।
जानकारी के अनुसार, आजमनगर थाना क्षेत्र के जोकर पंचायत अंतर्गत पोखरिया मारिया गांव के रहने वाले मनीष कुमार यादव (पिता- नकुल यादव) का अपने ही गांव की रिया कुमारी (पिता- सूर्य प्रकाश राय) से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा रखी थीं। कुछ समय पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने आजमनगर थाने में बरामदगी की गुहार लगाई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बरामद कर कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब परिजनों ने दुश्मनी के बजाय दोनों के प्यार को तवज्जो दी। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे, दोनों परिवारों की रजामंदी से ठाकुरबाड़ी मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ दोनों की शादी करा दी गई। इस अनोखी शादी को देखने के लिए आधी रात को भी मंदिर परिसर में ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा और सबने नए जोड़े को आशीर्वाद दिया।
“हम दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे और हमेशा के लिए साथ रहना चाहते थे। आज हमारे परिवार वालों की सहमति से हमारी शादी हो गई है। हम बहुत खुश हैं और अब एक साथ मिलकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।”
हमारा प्यार सच्चा था। कोर्ट की प्रक्रिया के बाद हमारे माता-पिता ने हमारे रिश्ते को समझा और मंदिर में हमारी शादी करा दी। मैं मनीष को अपने पति के रूप में पाकर बहुत खुश हूँ और हम हमेशा साथ रहेंगे।”
“बच्चे एक-दूसरे को पसंद करते थे और साथ रहना चाहते थे। उनकी खुशी में ही हमारी खुशी है। इसलिए दोनों परिवारों ने बैठकर फैसला लिया और समाज के सामने मंदिर में इनकी शादी करा दी। हम दोनों को आशीर्वाद देते हैं।”



