आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर सनदिया गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव एवं मारपीट की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, इससे पूर्व भी इसी मामले में आठ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
भोजपुर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार उर्फ ओम, विद्या शंकर आजाद उर्फ बबुआ, सुमित कुमार सिंह, सूरज कुमार उर्फ आर.एस., रंजन कुमार उर्फ रॉकी कुमार, कृष्णमुरारी कुमार, दीपक कुमार तथा एजी राज कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और अफवाहों पर ध्यान न दें।




