रिपोर्ट :- संतोष चौहान
जगतपुर – परसरमा पथ के सिमरा चौक के निकट ट्रैक्टर- बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत, सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया हंगामा
सुपौल:- सदर थाना अंतर्गत जगतपुर -परसरमा पथ के सिमरा चौक के निकट गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे हुआ। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक का साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक इलाके में यातायात बाधित रहा।
मृत युवक की पहचान बैरों वार्ड नंबर-09 निवासी इंद्रदेव यादव के 26 वर्षीय पुत्र शिवकुमार यादव के रूप में हुई। वहीं हादसे में घायल रौशन कुमार का इलाज सुपौल सदर अस्पताल में चल रहा है।
ज्ञात हो कि शिवकुमार यादव की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी चार माह की एक पुत्री है। गुरुवार को वह अपने साले रौशन कुमार के साथ बाइक से करजाइन बाजार के गौसपुर से लाउड विशनपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान सिमरा चौक के पास बांस लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवकुमार यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रौशन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम के कारण दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया जा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।




