दानापुर- खेत गये मजदूर आये करंट की चपेट में, दो मजदूरों की मौके पर ही मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

-खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप ।
पटना फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के रामपुर फरीदपुर पंचायत अंतर्गत कोरा गांव में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरा गांव में जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए खेत के आसपास कथित तौर पर नंगा बिजली का तार बिछाया गया था। बुधवार शाम इसी रास्ते से गुजरने के दौरान दो मजदूर कथित रूप से करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।मृतकों में एक की पहचान चिंटु कुमार, पिता-दीना मोची, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय मजदूर था। वहीं दूसरे मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। बताया गया कि वह बाहर का मजदूर था और ग्रीन सिटी में काम करता था। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह बुधवार शाम मजदूरों की तलाश में इलाके में आया था।घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना के कारणों और खेत में तार बिछाए जाने की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।घटना को लेकर भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाकपा माले मृतक परिवारों के साथ खड़ी है।गुरुदेव दास ने सरकार से दोनों मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने खेत में नंगा तार बिछाने के मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में खेतों में इस तरह नंगे तार लगाए जाने को लेकर चिंता बनी हुई है।

Join us on: