रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
हज यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले के मदरसा हुसैनिया, माड़र में मंगलवार को को हज-2026 के यात्रियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें खगड़िया, मुंगेर और बेगुसराय जिले के हाजियों ने भाग लिया। इस दौरान हज यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां विस्तार से साझा की गईं।
हज कमिटी, बिहार के मास्टर ट्रेनर मौलाना मो० मंसूर आलम हाशमी के द्वारा हाल के दिनों में खाड़ी देशों की परिस्थितियों को लेकर उठ रही आशंकाओं पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि हज यात्रियों के लिए स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है तथा अब तक ऐसी कोई आधिकारिक गाइडलाइन जारी नहीं हुई है, जिससे हज यात्रा प्रभावित हो। उन्होने भरोसा दिलाया कि हाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। यदि भविष्य में यदि कोई बदलाव होता है, तो सभी यात्रियों को समय पर सूचित किया जाएगा और आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे। इस वर्ष खगड़िया जिले से कुल 24 हाजियों को हज यात्रा पर भेजा जाएगा, जो अपने निर्धारित शिड्यूल के अनुसार मक्का और जेद्दा के लिए रवाना होंगे |
मौलाना मो० मोहिबुल्लाह साहब की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक प्रवक्ताओं ने शामिल होकर हज यात्रियों को बताया कि हाजियों की खिदमत करना और उनकी दुआ हासिल करना मेरे लिए सौभाग्य और आत्मिक संतोष का विषय है। प्रशिक्षण शिविर में विशेषज्ञों द्वारा हज यात्रा की विभिन्न प्रक्रिया जैसे उमरा और ह ज के तमाम अरकान की अदायगी के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां, मक्का-मदीना में पालन किए जाने वाले नियमों तथा सऊदी अरब में आचरण से जुड़े दिशा-निर्देश सरल भाषा में समझाए गए। ट्रेनिंग कैंप में मास्टर ट्रेनर के द्वारा घर से लेकर मदीना और मक्का के होटल तक पहुंचने के सफर के बारे में तफसील से बताया गया कि किस तरह से आपको अपने सामान की पैकिंग करना है एवं क्या-क्या सामान लेकर जाना है। किस तरीके से आपको हवाई सफर करना है और किस तरह से जददा या मदीना पहुंच कर वहां पर क्या-क्या कार्य करना है और होटल तक पहुंचने तक के पूरे सफर के बारे में बताया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, खगड़िया के द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए सभी हज यात्रियों के सफलता पूर्वक यात्रा संपन्न कर सुरक्षित वतन वापसी की कामना की गई | इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुफ़्ती कामिल, मौलाना मो० साबिर निजामी, मुफ़्ती अंसार साहब, मौलाना मोज़ाहिर, मौलाना अब्बास कासमी एवं मौलाना मुर्शिद के द्वारा प्रवक्ता के रूप में उपस्थित रहे और कार्यकर्त्ता के तौर पर मौलाना औजेर, हाफिज नासिर, हाफ़िज़ इंतेखाब,मो0 फैजान आलम वगैरह उपस्थित थे |




